जनपथ न्यूज़ :- नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा- ये दिल्ली के हर उस परिवार की जीत है, जिसने मुझे अपना बेटा मानकर हमें जबरदस्त समर्थन दिया। ये उन परिवारों की जीत है, जिनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी है, जिनके लोगों का दिल्ली में अस्पतालों में अच्छा इलाज होने लगा है। दिल्ली के लोगों ने आज देश में एक नई राजनीति को जन्म दिया है, जिसका नाम काम की राजनीति है।
केजरीवाल ने कहा- ये नई राजनीति है, ये देश के लिए शुभ संदेश

  • ‘दिल्ली वालों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब वोट उसी को, जो हमारी सुनेगा, जो मोहल्ला क्लीनिक बनाएगा, 24 घंटे बिजली देगा, सस्ती बिजली देगा, घर-घर को पानी देगा। ये नई राजनीति है, ये देश के लिए शुभ संदेश है। यही राजनीति हमारे देश को 21वीं सदी में ले जा सकती है। ये केवल दिल्ली की जीत नहीं, यह हमारी भारत माता की जीत है। पूरे देश की जीत है।’
  • ‘आज मंगलवार है, हनुमानजी का दिन है। हनुमानजी ने आज अपनी दिल्ली पर कृपा बरसाई है। हनुमानजी का भी बहुत-बहुत धन्यवाद। हम उनसे यही प्रार्थना करते हैं कि 5 साल में दिशा दिखाएं। शक्ति दें कि जैसे 5 साल दिल्ली की सेवा की, अगले 5 साल भी दिल्ली परिवार के 2 करोड़ लोग मिलकर सुंदर और अच्छा शहर बना सकें।’
  • ‘कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की। परिवार ने भी खूब मेहनत की और सपोर्ट किया। आज मेरी वाइफ का जन्मदिन भी है। मैंने तो केक खा लिया, आप सबको भी खिलाऊंगा। दिल्ली के लोगों ने बड़ी उम्मीदों से इतनी सीटें दी हैं, अब हमें 5 साल बहुत मेहनत करनी है। सब तैयार हैं।’


बड़े नेता अंदर, मीडिया बाहर
अरविंद केजरीवाल सुबह करीब 9 बजे ही दफ्तर पहुंच गए थे। उनके साथ मनीष सिसौदिया और गोपाल राय भी थे। संजय सिंह टीवी चैनलों पर नजर आते रहे। हालांकि, कोई नेता बाहर नहीं आया। दफ्तर के बाहर लॉन और सड़क पर मीडिया का जमावड़ा था। पुलिस ने किसी परेशानी से बचने के लिए यहां ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। सुबह 11 बजे करीब कुछ नए पोस्टर लगे। इन पर लिखा था- ‘दिल्ली के बाद देश निर्माण।’ कार्यकर्ता ‘लगे रहो केजरीवाल’ थीम सॉन्ग पर थिरकते नजर आए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *