एनकाउंटरपटनाबिहटाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बिहटा में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, सोन नदी में 62 राउंड फायरिंग

रंगदारी वसूली की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, टॉप-10 अपराधियों में शामिल अनीश कुमार को लगी गोली; SI घायल, कई हथियार बरामद

पटना/बिहटा। पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव गांव में रविवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सोन नदी के बीच हुई इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से कुल 62 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। वहीं, गोली लगने से SI राजू कुमार सिंह घायल हो गए, जबकि बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के सिर में चोट लगी है।

नाविकों से रंगदारी वसूली की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी में कुछ अपराधी नाविकों से रंगदारी वसूल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध नाव को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड, जबकि पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

मुठभेड़ में अनीश को लगी गोली, SI भी घायल
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को इलाज के लिए PMCH रेफर किया गया है। वहीं SI राजू कुमार सिंह का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के सिर में भी चोट लगी है।

मौके पर पहुंचे SSP और सिटी SP
घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी SP संकेत कुमार और पटना SSP कार्तिकेय शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों ने टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


दो पिस्टल, राइफल और कार्बाइन समेत हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, एक राइफल, एक कार्बाइन और एक देसी कट्टा समेत कई हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ बदमाश नदी में कूदकर फरार होने में सफल रहे।


फरार अपराधियों की तलाश तेज
पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश में सोन नदी और आसपास के इलाकों में अभियान चला रही है। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाविकों से रंगदारी वसूली का यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। बरामद हथियारों के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Related Articles

Back to top button