ताजाखबरब्रेकिंग न्यूज़

तोड़फोड़ और आगजनी की घटना बिहार को अस्थिर करने की साजिश: उपमुख्यमंत्री

जनपथ न्यूज डेस्क, पटना
17 जून 2022
बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने विभिन्न जिलों में अराजक तत्वों द्वारा राष्ट्रीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को गुमराह करके बिहार को अस्थिर करने की साजिश की जा रही है। विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यालय में आगजनी और भाजपा नेताओं तथा विधायकों को निशाना बनाया जा रहा है, जो निन्दनीय है। बिहार के नौजवान सभ्य और संयमी हैं। हमले और उपद्रव में शामिल लोग सेना भर्ती के अभ्यर्थी नहीं हो सकते।
उन्होंने हमले की भर्त्सना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाना राष्ट्र की क्षति है। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि नौजवानों के नाम पर राजनीति करने वाले लोग अपने इतिहास और भूगोल को भूल गए हैं, जिनके शासनकाल में नौजवानों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया गया था। बिहार की जनता उन काले दिनों को अभी भूली नहीं है। बिहार के लोग ऐसे दोहरे चरित्र वाले दलों को बखूबी पहचानते और समझते भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अपने मंसूबे में कभी कामयाब नहीं होंगे। राष्ट्रीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने वाले अवांछित तत्वों से बिहार सरकार सख्ती से निपटेगी।
उपमुख्यमंत्री ने नौजवानों से अपील करते हुए कहा कि किसी अफवाह में न आयें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने युवाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए सदैव चिंता की है और उनका मार्गदर्शन किया है। उपमुख्यमंत्री ने लोगों से धैर्य और संयम के साथ शांति बनाए रखने की अपील की है।

Loading

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button