जनपथ न्यूज डेस्क, पटना
रिपोर्ट: राकेश कुमार
17 जून 2022
पटना : बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन पटना से हत्या, लूट जैसी वारदातों की खबरें सामने आ रही है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के लाख दावे के बावजूद अपराधी अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन के समक्ष खुली चुनौती पेश कर रहे हैं। ताजा मामला पटना के दानापुर शाहपुर थाना क्षेत्र के सरारी उसरी मार्ग का है, जहां अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े डेकोरेशन व्यवसाई की गोली मार कर हत्या कर दी है। हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद अज्ञात अपराधी हथियार लहराते हुए आराम से मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।18:57:52 मृतक युवक की पहचान खगौल थाना अंतर्गत बड़ी खगौल चक्रधाह मोड़ के निवासी विनोद पंडित का 26 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार के रूप में हुई है। पप्पू कुमार डेकोरेशन का काम करता था। मृतक पप्पू कुमार के पिता विनोद पंडित ने बताया कि मेरे परिवार में किसी का किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। बिनोद पंडित ने बताया कि मेरे बेटे पप्पू को किसने गोली मारी यह भी हम नहीं बता सकते हैं। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थानाध्यक्ष शफीर आलम अपने पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे मे लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमार्टम के भेजा और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। शाहपुर थानाध्यक्ष सफीर आलम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक पप्पू कुमार को पेट में एक गोली लगी और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पूरे मामले की छानबीन जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। आसपास लगे हुए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधी की पहचान हो सके। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तबातोड़़ छापेमारी की जा रही है।