क्राइम न्यूज़नौबतपुरपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

शादी के महज दो महीने बाद महिला की हत्या, शव को JCB से दफनाकर जलाने का आरोप; ससुराल पक्ष समेत 5–7 लोग संलिप्त

नौबतपुर में नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा

पटना। नौबतपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। प्रारंभ में इसे आत्महत्या का मामला बताकर थाने में आवेदन दिया गया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में यह मामला हत्या का निकला।

जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को महिला के ससुराल पक्ष द्वारा थाने में आत्महत्या की सूचना दी गई थी। महिला की शादी फरवरी 2026 में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फुलवारी शरीफ-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

प्रारंभिक जांच के दौरान जब महिला का शव बरामद नहीं हुआ, तो पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में उत्खनन कराया गया, जिसमें महिला का शव बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या कर शव को जेसीबी के माध्यम से जमीन में दफनाया गया था। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का भी प्रयास किया गया।
प्रारंभिक अनुसंधान में यह तथ्य भी उजागर हुआ है कि इस वारदात में ससुराल पक्ष के परिजनों के साथ-साथ करीब 5 से 7 अन्य लोग भी शामिल थे।

फिलहाल पुलिस ने सभी संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
इस मामले को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

नौबतपुर पटना से राकेश कुमार की रिपोर्ट

Loading

Related Articles

Back to top button