पटना के फुलवारीशरीफ में सनसनी: शराब पार्टी के दौरान प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या!
जेल से जमानत पर बाहर आए 26 वर्षीय गोलू कुमार को मारी गई दो गोलियां, पुलिस ने डंप डाटा की जांच शुरू की!

पटना: फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र की किसान कॉलोनी में सोमवार देर रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में 26 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर गोलू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलू को दो गोलियां मारी गईं और उसका शव घर से महज 100 मीटर की दूरी पर खून से लथपथ हालत में मिला। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
शराब के पाउच और मोबाइल बरामद
मृतक परमानंद यादव का छोटा बेटा गोलू कुमार था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, शराब के पाउच और पानी की बोतलें बरामद की हैं। FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, हालांकि पुलिस को वहां से कोई खोखा नहीं मिला है।

घर से निकला और बन गया शिकार
गोलू के बड़े भाई महेश कुमार ने बताया कि गोलू शाम में घर से निकला था। रात में हल्की बारिश हो रही थी, उसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने गोलू को पहचानने के बाद परिजनों को सूचना दी। गोलू को एक गोली बांह और दूसरी पीठ में लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुरानी रंजिश और डंप डाटा की जांच
पुलिस के अनुसार, गोलू अगस्त 2025 में अपने एक मित्र के साथ फायरिंग के मामले में जेल जा चुका था और कुछ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। वह जमीन के कारोबार से जुड़ा था। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों के डंप डाटा और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है।

पुलिस ने गठित की विशेष टीम
सिटी एसपी पश्चिम संकेत कुमार ने बताया कि SDPO-1 फुलवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं, थानेदार गुलाम शहबाज़ आलम के अनुसार, मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
![]()



