जनपथ न्यूज डेस्क, पटना
18 जुलाई 2022
पटना: आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर कल देर शाम सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और प्रशासकों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री एवं केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने एक महत्वपूर्ण बैठक की,जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद इस बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इससे हमारे देश की राष्ट्रीय भावना उच्चतम स्तर पर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम में संपूर्ण जन-भागीदारी के साथ स्वास्थ्य, सहकारिता, ग्रामीण विकास, विभाग सहित राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों, जन वितरण प्रणाली के दुकान, सभी थाना, सभी पंचायत और पंचायत समितियों, जीविका स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस कार्यक्रम में लोग अपने घरों पर झंडोत्तोलन करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार राज्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम हेतु तकरीबन 1,60,50,000 घरों पर झंडा फहराने का लक्ष्य रखा गया है एवं इसकी विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों सहित हर वर्ग के लोग आजादी की संघर्ष यात्रा एवं बलिदानों से परिचित हो सकेंगे एवं नई पीढ़ी के अंदर उत्साह का संचार और गौरवबोध होगा। इससे हमारी राष्ट्रवाद की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी।
48 total views, 3 views today