जनपथ न्यूज़ नालंदा. बिहार में नालंदा जिले में एक पति अपनी बीमार पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। लाचार मां ने अपने इलाज के लिए दोनों बच्चों को 50 हजार रुपए में बेचने का सौदा कर लिया। जब इसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंची तो डीएम की पहल से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एनआरसी अधिकारी विद्यारानी ने बताया कि महिला टीबी की मरीज है और दोनों बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। तीनों का इलाज चल रहा है।
पत्नी के बीमारी का पता चलते ही पति फरार
बताया जा रहा है कि हरनौत प्रखंड के कल्याण बिगहा निवासी सोनम की शादी तीन साल पहले सुमंत से हुई थी। पहले पति से उसे तीन बेटी हुई। शादी के एक साल बाद पति की मौत हो गई। इसके बाद महिला ने दूसरी शादी की जिससे एक बेटा हुआ। करीब 6 महीने पहले महिला को टीबी की बीमारी हुई। पति को जैसे ही इस बात का पता चला वह पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। गांव के कुछ लोगों को जब इस बात की जानकारी लगी तो इलाज या आर्थिक मदद करने के बजाय महिला को गांव से बाहर निकाल दिया ताकि किसी दूसरे को बीमारी न हो।
इस मामले में प्रशासन का कहा है कि फरार पति की तलाश की जा रही है। डीएम के आदेश पर एनआरसी केंद्र में महिला के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था करा दी गई है। गांव के जिन लोगों ने महिला को बाहर निकाला उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।