कहा- दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित

जनपथ न्यूज़ डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
19 जुलाई 2023

भागलपुर : जिले में एक पति अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़कर फरार हो गया है। जिसके बाद महिला अपने बच्चों के साथ थाने में गुहार लगाने पहुंची। महिला ने पति पर शादी का झांसा देने का आरोप लगाया है।विदित हो कि उक्त महिला के तीन बच्चे हैं,ऊपर से वह प्रेग्नेंट भी है। महिला ने अपना नाम समस्तीपुर निवासी 26 वर्षीय सलमा खातून के रूप में बताया है।

इस मामले को लेकर महिला का कहना है कि 2015 में हबीबपुर थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी मोहम्मद आरिफ के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ साल बाद पति उसे छोड़कर फरार हो गया था। हालांकि कुछ दिनों में वह वापस आ गया था। लेकिन इस बार वह बीते 10 दिन से फरार है। गर्भवती महिला बच्चों को लेकर अपने पति की तलाश में दर-दर भटक रही है।

उन्होंने बताया कि वह नाथनगर कबीरपुर में अपने नानी के घर रहकर पढ़ाई करती थी। जहां हबीबपुर थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी मोहम्मद आरिफ के साथ उसका प्रेम प्रसंग चलने लगा। दोनों ने कुछ दिन बाद एक दूसरे से साल 2015 में निकाह कर लिया। हालांकि शादी के 2 साल बाद से ही आरिफ दहेज की बात लेकर अक्सर अपनी पत्नी से विवाद करता था। जब महिला ने दहेज देने से इनकार कर दिया तो वह चुपचाप उसे छोड़कर फरार हो गया।

रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद मालूम हुआ कि सलमा का पति आरिफ राजधानी दिल्ली में रह रहा है। महिला ने अपने पति आरिफ पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले भी उसने एक महिला को प्रेम के जाल में फंसा कर उससे शादी की थी और मतलब खत्म हो जाने के बाद उसे भी छोड़कर फरार हो गया था। आरिफ से उस महिला को एक बेटा भी है। पीड़ित महिला के मुताबिक आरिफ टोटो मैकेनिक का काम करता है और वह अपने चिकनी चुपड़ी बातों से लड़कियों को पहले प्रेम के जाल में फंसाता है। जिसमें उसकी मां नाजिया खातून सहयोग करती है और अब वह किसी तीसरी लड़की के साथ यह हरकत करने वाला है।

इस पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति शादी कर उससे पैसे की मांग करता था।महिला ने अपनी सास नाजिया पर आरोप लगाते हुए कहा है कि सास और ननद उसके साथ मारपीट करती है और पैसे की मांग करती है, नहीं देने पर उसे जिस्मफरोशी का धंधा करने की बात कहती है। इसको लेकर महिला वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और उसने एसएसपी आनंद कुमार से अपनी पति की गिरफ्तारी की मांग की है।

Loading