न्यूज डेस्क/जनपथ न्यूज
Edited by: राकेश कुमार
मार्च 16, 2022
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर
में मंगलवार की देर शाम सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए। घटना मीनापुर थाना क्षेत्र के पानापुर ओपी अंतर्गत शिवराहां की है। एक सूमो अनियंत्रित होकर होटल में घुस गई। उस समय काफी लोग होटल में चाय-नाश्ता कर रहे थे। सूमो ने करीब 10 लोगों को रौंद दिया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
ये हादसा एनएच-28 पर मीनापुर के पानापुर ओपी के पास हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार की शाम एक जिला प्रशासन की बोर्ड लगी
टाटा सूमो मोतिहारी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थी। पानापुर ओपी अंतर्गत शिवराहां में अचानक चालक का स्टेयरिंग पर से संतुलन बिगड़ा और सूमो होटल में जा घुसी। अंदर बैठे लोगों को न समझने का समय मिला और न संभलने का मौका। तेज रफ्तार गाड़ी वहां बैठे लोगों को रौंदते हुए होटल में जाकर रुक गई। इस तेज रफ्तार टाटा सूमो ने 10 लोगो को रौंद दिया जिसमें 5 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई और 5 लोगों की हालत गंभीर है। होटल में जहां-तहां बेसुध गिरे लोगों व दर्द से कराह रहे लोगों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। हालांकि ज्यादार की हालत काफी गंभीर होने के कारण इन्हें मुजफ्फरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
इधर, घटना से गुस्साए लोगों ने NH-28 को जाम कर दिया। जमकर हंगामा और प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर कांटी, मीनापुर और पानापुर पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन, भीड़ समझने को तैयार नहीं थी। पुलिस के साथ भी जमकर नोकझोंक हुई। इसके बाद काफी संख्या में अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची। आक्रोशितों को उचित कार्रवाई और मुआवजा का आश्वासन देकर शांत कराया गया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
जिस वाहन से हादसा हुआ। उसके आगे छोटा पुलिस वाला ब्लू और लाल रंग का स्टिकर चिपका हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार इसमे सिर्फ चालक था। लेकिन, वह कहां है। इसका किसी को पता नहीं। घटना के बाद कई तरह की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि चालक नशे की हालत में था। इसी कारण हादसा हुआ। वहीं DSP पूर्वी मनोज पांडेय ने पांच की मौत की पुष्टि की है। कहा कि जब्त सूमो के नम्बर से इसके मालिक का पता किया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *