जनपथ न्यूज़ रांची. केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को कहा कि कांग्रेस का काम उलझानें पैदा करना और भाजपा का काम सुलझाना है। रविशंकर ने रविवार को झारखंड के सिमडेगा में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड इसका एक अच्छा उदाहरण है। यहां लोगों की भावनाओं को समझते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड को अलग राज्य बनाया। इसके बाद कांग्रेस ने राज्य को अस्थिर किया और फिर सब जानते हैं क्या हुआ। यहां एक पूर्व मुख्यमंत्री (मधु कोडा) को जेल जाना पड़ा।’’
मधु कोडा कोयला घोटाला मामले में दोषी हैं। फिलहाल, वे जमानत पर बाहर हैं। रविशंकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भाजपा के नेता बूथ स्तर से आगे बढ़ते है। दूसरी पार्टी के नेता सीधे ऊपर से उतरकर आते हैं। झारखंड में भाजपा सरकार ने 5 साल पूरी ईमानदारी से काम किया। इस सरकार पर एक भी दाग या कलंक नहीं है। झारखंड में कभी ऐसे लोगों का राज था, जो अपने कारनामों के कारण जेल गए।’’
‘कांग्रेस सैनिकों के हाथ बांधकर काम करने को कहती है’
रविशंकर ने कहा, ‘‘कांग्रेस सैनिकों से हाथ बांधकर काम करने के लिए कहती है, जबकि भाजपा सरकार में ऐसा नहीं होता। हमारी सरकार जवानों से कहती है कि अपनी ओर से पहले एक भी गोली मत चलाओ। अगर पाकिस्तान की ओर से एक भी गोली चलती है, तो इतनी गोलियां चलाओ कि दूसरी तरफ खामोशी छा जाए।’’
‘भाजपा ने राम मंदिर मामले को हल किया’
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर राम जन्मभूमि मामले को लटकाए रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर मामले को हल किया। अब वहां राम मंदिर बनेगा। समय अब बदल गया है। डबल इंजन सरकारें (राज्य और केंद्र) मिलकर ही देश और प्रदेश का विकास कर सकती हैं।’’