जनपथ न्यूज़  रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का 30 दिन बाद मंगलवार को पहला विस्तार होगा। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 8 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले 24 जनवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार होना था। हालांकि, चाईबासा में पत्थलगड़ी समर्थकों द्वारा 7 आदिवासियों की हत्या के बाद सोरेन ने राज्यपाल से मुलाकात कर तारीख आगे बढ़ाई थी।
सोरेन मंत्रिमंडल में किसे जगह मिलेगी। यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, चर्चा है कि कांग्रेस से दो या तीन और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से पांच या छह विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। कांग्रेस से जिन नामों की चर्चा है उनमें राजेन्द्र सिंह, दीपिका पांडेय और बन्ना गुप्ता के नाम हैं। वहीं, झामुमो से स्टीफन मरांडी, चम्पई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जोबा मांझी, जगन्नाथ महतो, दीपक बिरुआ और मथुरा प्रसाद महतो भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।
29 दिसंबर को सोरेन ने ली थी शपथ
हेमंत सोरेन ने 29 दिसंबर को झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम व डॉ. रामेश्वर उरांव और राजद से सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी। झामुमो विधायक रविंद्र नाथ महतो को विधानसभा स्पीकर बनाया गया था।
मंत्रिमंडल में सीएम समेत अधिकतम 12 मंत्री 
झामुमो, कांग्रेस और राजद ने गठबंधन करके झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ा था। इसमें झामुमो ने 30, कांग्रेस ने 16 और राजद ने 1 सीट पर जीत दर्ज की थी। झारखंड में मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल में 12 मंत्री हो सकते हैं। इसमें से मुख्यमंत्री समेत 4 पहले ही मंत्रिमंडल में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में अब 8 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *