जनपथ न्यूज़ डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
13 जुलाई 2023

भागलपुर : शहर स्थित इशाकचक के राजमिस्त्री कमल तांती को पोल से बांधकर पिटाई करने के मामले में गिरफ्तार वार्ड-48 की पार्षद कल्पना को मायागंज के आईसीयू से सोमवार को ही एचडीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत पर पुलिस ने बीते रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया था। अब सेहत में सुधार के बाद डाॅक्टराें की सलाह पर कल्पना को सात दिन के लिए एचडीयू में रखा जाएगा। वहीं गिरफ्तार आरोपी पार्षद के बेटे मुकेश कुमार को कोर्ट में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इस मामले में फरार अन्य दो नामजद आरोपी पार्षद पति व उनके सहयोगी सिकंदर शर्मा समेत अन्य 10 अज्ञातों पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। वहीं,पार्षद की गिरफ्तारी के बाद सड़क जाम के मामले व हंगामा के आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ताकि केस दर्ज किया जा सके।

वार्ड पार्षद की गिरफ्तारी के मामले में एसएसपी आवास का घेराव करने के मामले में तिलकामांझी थाने में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जिसमें 15 लोगों को नामजद किया गया है। वहीं कुछ अन्य अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है। तिलकामांझी थानाध्यक्ष सुशील राज ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

*पार्षद एकता मंच ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल*: पार्षद एकता मंच के सदस्याें ने कहा कि बिना जांच के पार्षद काे गिरफ्तार करने की घटना पुलिस की कार्यशैली सवाल खड़े कर रही है। पारिवारिक विवाद सुलझाने के दाैरान पक्ष में फैसला नहीं सुनाने से नाखुश कमल तांती ने पार्षद पर सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। आहत पार्षद ने खुद इशाकचक पुलिस काे कई बार कॉल किया पर पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद कमल तांती पार्षद के घर पंचायत करवाने पहुंच गया, जहां उसकी पत्नी ने कमल द्वारा पार्षद काे अपशब्द कहने का ऑडियो बाकी लाेगाें काे सुनाई। इससे आक्रोशित समर्थकों ने कमल काे बैठा लिया और पुलिस को फोन कर दिया। इस बीच कमल तांती भागने लगा ताे उसे पाेल में बांध दिया।

कुछ देर बाद पुलिस आयी और कमल काे थाने ले गई। अगले दिन इशाकचक पुलिस अमर्यादित तरीके से पार्षद काे अपशब्द बोली और बिना जांच-पड़ताल के उसे घसीटकर थाने लेकर आ गई। इससे पू्र्व भी वार्ड 13 के पार्षद रंजीत काे झूठे मामले में गिरफ्तार किया था।
ये रहे थे शामिल: इस दाैरान संयाेजक गाेविंद बनर्जी, पूर्व डिप्टी मेयर डाॅ. प्रीति शेखर, स्थायी समिति सदस्य संजय कुमार सिन्हा, निकेश कुमार, रंजीत कुमार, अनिल कुमार पासवान,अशाेक पटेल,नुसरत, मीरा राय, प्रीति देवी, शशिकला देवी, अरशदी बेगम, रूपा देवी, अश्वनी जोशी माेंटी, नंदिकेश शांडिल्य, पंकज गुप्ता व अन्य इस दौरान मौजूद थे।

*पुलिस को शक, पार्षद बना रहीं बीमारी का बहाना*: पुलिस अब पार्षद की सेहत की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड से मदद की तैयारी में है। पुलिस को शक है कि आरोपी पार्षद बहाना बना रही हैं। इस घटना काे लेकर निगम कार्यालय में पार्षद एकता मंच ने बैठक कर एसएसपी आनंद कुमार से मुलाकात कर इस मामले में अलग से जांच कराने की मांग की थी। एसएसपी ने जांच कराने का आश्वासन भी दिया है।

*पार्षद के सीने में मवाद की आशंका,सर्जन करेंगे इलाज*: पार्षद का इलाज मायागंज अस्पताल में मेडिसिन विभाग के डॉ. एमएन झा की देखरेख में हाे रहा है। डॉ. झा पार्षद की पहले भी सेहत की जांच कर चुके हैं। जिसमें पता चला था कि उनके सीने में मवाद भरा है। अब इसकी जांच सर्जरी विभाग में होगा।पार्षद की सीने में दर्द की शिकायत की जांच के बाद डाॅक्टरों ने स्त्री रोग के विशेषज्ञ से जांच की सलाह दी है। हालांकि कल्पना की जांच सर्जन करेंगे। जरूरत पड़ने पर स्त्री रोग विशेषज्ञ की सलाह ली जाएगी। विदित हो कि पूर्व में जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह भी गिरफ्तारी पर मायागंज में भर्ती हुए थे।

Loading