जनपथ न्यूज डेस्क
Edited by: राकेश कुमार
14 मई 2023

नई दिल्ली: बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का सोमवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। दिल्ली एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 72 वर्षीय बीजेपी नेता कैंसर से पीड़ित थे और इसी वजह से वह लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार भी नहीं कर रहे थे। सुशील मोदी का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह पटना के राजेन्द्र नगर स्थित आवास पर लाया जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने बीते 3 अप्रैल को खुद के कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था, “पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है। लोकसभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा। प्रधानमंत्री को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, “सुशील कुमार मोदी जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उपमुख्यमंत्री के तौर पर भी उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया। मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मैंने आज सच्चा दोस्त और कर्मठ राजनेता खो दिया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से कामना की है कि स्व. सुशील कुमार मोदी के परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें।”

Loading