पांच हजार से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल

जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
4 मार्च 2023

भागलपुर : बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार को भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा श्री श्याम भक्त मंडल न्यास के द्वारा निकाली गई। फाल्गुनी उत्सव के अवसर पर श्री गौशाला प्रांगण से निशान शोभायात्रा रवाना हुआ,इसमें भागलपुर के तकरीबन पांच हज़ार से ऊपर महिला-पुरुष और बच्चों ने श्याम प्रभु के नाम का निशान उठाया और वे शहर के सड़कों पर भक्ति गीतों पर झूमते-गाते पहुंचे। यह निशान शोभायात्रा गौशाला से निकलकर कोतवाली, स्टेशन चौक, खलीफाबाग चौक होते हुए मंदरोजा के खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम को निशान समर्पित कर संपन्न किया गया।

*अबीर गुलाल व फुलों की खेली गई होली*: जगह-जगह महिलाओं ने अबीर गुलाल व फूलों की जमकर होली खेली। डीजे पर बज रहे श्री श्याम धुनों पर जमकर लोग भाव विभोर होते दिखे। ऐसा लग रहा था मानों पूरा शहर श्याम के रंग में श्याममय व भक्तिमय हो गया हो।

सबसे पहले भागलपुर के श्याम भक्तों ने मंदरोजा स्थित खाटू श्याम मंदिर में अपना निशान समर्पण किया, फिर कई जगहों से आए श्री श्याम भक्तों की टोली शामिल श्रद्धालुओं ने अपना -अपना निशान समर्पण कर बाबा खाटू श्याम को याद किया।

*कार्यक्रम का किया जा रहा आयोजन*: वहीं, कार्यक्रम संचालक ने बताया कि संध्याकाल में प्रभु की ज्योति एवं कीर्तन का भी आयोजन किया गया है। महिला भक्तों द्वारा छप्पन भोग सवामणी भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीत से वातावरण भक्तिमय हो गया। भारत वर्ष के कई प्रसिद्ध भजन कलाकार व स्थानीय कलाकारों भी अपनी अपनी प्रस्तुति देंगे। श्री श्याम भक्त जनों का खूब मनोरंजन किया जाएगा। शहर वासियों ने खूब फूल बरसाए।

Loading