भाजपा नेता के भांजे हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी सोनू यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर
₹25 हजार का इनामी बदमाश गौसीहता गांव में एनकाउंटर में मारा गया, एक अन्य आरोपी छोटू यादव पहले ही घायल

जनपथ न्यूज़
सिवान जिले में चर्चित हर्ष सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भाजपा नेता एवं पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या और उनके बहनोई चंदन सिंह को गोली मारने के मामले के मुख्य आरोपी सोनू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।
रविवार देर रात हरिया थाना क्षेत्र के गौसीहता गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान ₹25 हजार का इनामी अपराधी सोनू यादव मारा गया। बताया जाता है कि वह हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरिया गांव का निवासी था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड पिस्तौल, एक जिंदा गोली, एक खोखा और एक बाइक बरामद की है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।
गौरतलब है कि इस मामले में एक अन्य आरोपी छोटू यादव को वारदात के अगले दिन पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगी थी। फिलहाल उसका इलाज पीएमसीएच में चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
![]()



