पटना. राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह के बयान से एक बार फिर सियासी घमासान शुरु हो गया है। रघुवंश प्रसाद ने कहा कि रालोसपा और लोजपा जल्द महागठबंधन में शामिल होगी। उपेंद्र कुशवाहा से सीटों पर बातचीत चल रही है। जिस दिन 3 सीटों पर सहमति बन गई वे एनडीए छोड़कर महागठबंधन का दामन थाम लेंगे। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान भी मौसम वैज्ञानिक हैं और हालात देखते हुए वे भी हमारे साथ आएंगे। एनडीए में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है।
रघुवंश प्रसाद की हैसियत किसी से छुपी नहीं: जदयू
-राजद नेता के बयान पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह के बयान को उनके पार्टी के लोग ही गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि राजद में रघुवंश प्रसाद की हैसियत किसी से छुपी नहीं है। एनडीए एकजुट है और हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि वे हमेश लालू के जंगलराज के खिलाफ बोलते रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
चुनाव होली की तरह, लोग रंग उड़ाते रहते हैं: लोजपा
-लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहा कि बिहार में एनडीए में कोई लड़ाई नहीं है। एनडीए एकजुट है और हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे। चुनाव होली की तरह होता है। लोग रंग उड़ाते रहते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।