जनपथ न्यूज़ नई दिल्ली। पिछले कुछ समय से बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। पहले एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर बवाल मचा था। वहीं, अब बाहुबली अनंत सिंह के ऐलान से हड़कंप मच गया है। अनंत सिंह ने साफ कहा है कि वो अगामी लोकसभा चुनाव मुंगेर से लड़ेंगे। चाहे उनके सामने कोई खड़ा हो, मायने नहीं रखता। अनंत सिंह के इस ऐलान से जदयू और लोजपा की मुश्किलें बढ़ गई है।
नीतीश के खास रह चुके हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह बिहार के जाने-माने चेहरे हैं और कभी मुख्यमंत्री नीतीश के बेहद करीबी माने जाते थे। वर्तमान में अनंत सिंह मोकामा सीट से विधायक हैं। अनंत सिंह ने जिस सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है उस सीट से वीणा देवी सांसद हैं और अब जेडीयू के कद्दावर नेता ललन सिंह की नजर उस सीट पर है। जिसके कारण मुश्किलें बढ़ गई है। अनंत सिंह ने कहा कि इस बार मुंगेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ूंगा। भले ही सामने कोई मंत्री या फिर सांसद आकर क्यों न चुनाव लड़े। महागठबंधन से सीट टिकट न मिलने पर निर्दलयीय भी चुनाव लड़ने की घोषणा करने वाले अनंत सिंह ने कहा कि मैं जनता के बीच ही रहता हूं इसलिए अगर मुझे जरूरत पड़ी तब मैं इस सीट से निर्दलीय भी चुनाव लड़ सकता हूं।
जदयू और एलजेपी की बढ़ी मुश्किलें
मुंगेर सीट पर दावेदारी ठोंक कर अनंत सिंह ने न केवल एनडीए बल्कि महागठबंधन के सामने भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अब देखना यह है कि महागठबंधन उन्हें टिकट देती है या फिर वह निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं। इतना ही नहीं इस सीट को एनडीए कैसे मैनेज करती है, यह भी एक बड़ी चुनौती होगी।