जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
www.janpathnews.com
28 नवम्बर 2022

भागलपुर : हत्या और हादसों की खबरों से रविवार को भागलपुर शहर वासी सहम उठे। बरारी में जहां दो दोस्तों की हत्या कर दी गई। वहीं, शाम को बरारी श्मशान घाट रोड पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगा रहे कर्मी करंट की चपेट में आ गए। हादसा उस समय हुआ, जब क्रेन से पोल को खड़ा किया जा रहा था। तभी पोल हाइ वोल्टेज करंट के तार से सट गया। जैसे ही पोल तार से लगा, जोरदार आवाज के साथ पूरे इलाके की बत्ती गुल हो गई.इधर मौके पर तीन कर्मी पोल पर उतरे करंट की चपेट में आ गए। तीनों की हालत नाजुक है। एक कर्मी के शरीर में किसी प्रकार की हलचल नहीं होती दिख रही थी। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने सभी के हाथ-पैर रगड़ना शुरू कर दिया। वहीं, पुलिस को सूचना दी गई और पांच मिनट में पहुंची पुलिस ने सभी को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सह मायागंज अस्पताल में भर्ती करवाया है। विदित हो कि जिस जगह हादसा हुआ है, वहां काफी अंधेरा हो गया था। अब इसे अनहोनी कहें या लापरवाही लेकिन तीनों कर्मी हादसे का शिकार हुए।

मर्डर से दहला भागलपुर :
बरारी थानाक्षेत्र में दो दोस्त रोहित और सन्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल देखा जा रहा है। सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार बरारी इलाके के हथिया नाला के पास रविवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने बरारी के संतनगर कालोनी निवासी सन्नी पासवान के पीठ और गंगा विहार काॅलोनी निवासी रोहित कुमार को पेट में गोली मारकर मौत के घात उतारा है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मौके से सन्नी की बाइक और उसके कमर से एक पिस्टल बरामद किया है।
पुलिस को जांच में प्रारंभिक जानकारी मिली है कि किसी बात को लेकर इनलोगों की आपस मे विवाद हुआ था। हाल ही में बरारी के एक कुख्यात की गिरफ्तारी हुई थी, उसके मुखबिरी का शक रोहित पर था। हालांकि, पुलिस बरामद हथियार और हत्या के कारणों की जांच करने में जुटी हुई है। सन्नी के भाई शशि ने बताया कि शाम चार बजे रोहित उसके घर आया था। इसके बाद सन्नी और रोहित बाइक से निकल गए थे। शाम में 4:30 बजे अचानक मोहल्ले में हल्ला हुआ कि हथिया नाले के पास शशि और रोहित को किसी ने गोली मार दी है। वे लोग बदहवास होकर हथिया नाला के पास पहुंचे। वह दोनों बेसुध पड़े हुए थे। तत्काल उन लोगों को उठाकर लोग जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज सह मायागंज अस्पताल ले गए.चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रोहित के स्वजनों ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे दीपक नामक युवक ने उसके घर आकर सूचना दी कि रोहित और उसके दोस्त की हत्या कर दी है। जानकारी मिलने पर वे लोग वहां पहुंचे।

Loading