पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

विकलांग की जमीन पर भू-माफियाओं की नजर, न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित!

खेमनीचक में जमीन विवाद, फर्जी कागजात के सहारे कब्जे की कोशिश का आरोप

पटना। राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक से जमीन विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक दिव्यांग व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पैतृक जमीन पर कुछ लोगों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने सिटी एसपी (पूर्वी) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

विरोध करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप

पीड़ित देवेंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2005 में उनके पिता के नाम से कोऑपरेटिव के माध्यम से उक्त जमीन की विधिवत रजिस्ट्री कराई गई थी। उनका आरोप है कि हाल ही में अजय कुमार नामक व्यक्ति द्वारा जमीन पर ईंट और बालू गिराकर कब्जे की कोशिश की गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया और रामकृष्ण नगर थाने में शिकायत दर्ज करानी चाही, तो उनकी बात नहीं सुनी गई। देवेंद्र यादव का यह भी आरोप है कि कुछ दिनों बाद उनके और उनके भाई उपेंद्र यादव के खिलाफ रंगदारी मांगने का फर्जी मामला दर्ज कर दिया गया।

“अपनी ही जमीन पर कोई रंगदारी क्यों मांगेगा?”
सिटी एसपी कार्यालय पहुंचे देवेंद्र यादव ने कहा कि वह दिव्यांग हैं और ठीक से चल भी नहीं सकते। ऐसे में उन पर रंगदारी मांगने और विवाद करने का आरोप पूरी तरह निराधार है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “कोई व्यक्ति अपनी ही जमीन पर किसी से रंगदारी क्यों मांगेगा?”

उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, लेकिन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश को रोका जाए।

प्रशासनिक जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच के बाद सच्चाई क्या निकलकर सामने आती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।

(नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की सत्यता एवं अंतिम स्थिति संबंधित प्रशासनिक जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी।)

Loading

Related Articles

Back to top button