जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
6 फरवरी 2023

भागलपुर : हमलोगों ने पटना के महावीर मंदिर में एक तैरता हए पत्थर को देखा है, जिसके बारे में कहा जाता है कि यह पत्थर श्रीराम सेतु का है। अब एक पत्थर गंगा में तैरता हुआ भागलपुर में भी मिला है। यह पत्थर बच्चों ने पटक-पटक कर तोड़ भी दिया, लेकिन फिर भी हथेली बराबर का टुकड़ा पानी में तैर रहा है। इसपर प्रभू राम का नाम लिखा हुआ है। पहले से लिखा था या किसी ने आज लिखा, यह कोई नहीं बता पा रहा है। मगर, भागलपुर के आदमपुर स्थित धोबी घाट पर घास काटने जा रहे एक शख्स को मिले इस पत्थर की जानकारी कुछ ही घंटों में बहुत दूर तक फैल चुकी है। लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। इसकी वैज्ञानिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, इसलिए ‘जनपथ न्यूज’ अपने स्तर से इसे सिर्फ जानकारी के तौर पर सामने ला रहा है।

दावा है कि इसपर राम नाम पहले से लिखा हुआ था : यूं तो रामयुग के समय पानी में तैरते पत्थर की बात सभी ने केवल सुनी है, लेकिन भागलपुर में राम नाम का पत्थर मिलना फिलहाल चर्चा का विषय बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार खंजरपुर निवासी विजय कुमार पासवान अपने आठ वर्षीय बेटे ब्रिगेडियर पासवान के साथ गाय का चारा लाने के लिए धोबी घाट पार कर दियारा जा रहा था। इसी दौरान दोनों ने धोबी घाट के पास तैरता हुआ एक पत्थर देखा। करीब पहुंचकर जब बच्चे ने पत्थर को उठाया तो वह बहुत हल्का था। दावा है कि उसी समय इसमें राम नाम लिखा हुआ था। बच्चे ने बाकी बच्चों के साथ खेलने के क्रम में उसे पटक-पटक कर तोड़ भी दिया। एक टुकड़ा पत्थर लेकर जब वह घर पहुंचा तो उसे देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसे लेकर लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

वैज्ञानिक पुष्टि नहीं, पूजा-पाठ शुरू कर चुके लोग : लोग इसे श्रीराम सेतु का पत्थर बताकर पूजा-पाठ भी करने लगे हैं, हालांकि अभी इसकी जांच को लेकर आर्कियोलॉजी या सरकारी विभाग से कोई टीम नहीं पहुंची है। कुछ लड़कों ने इंटरनेट के माध्यम से जानकारी जुटाकर कहा है कि यह स्पंज के समान बहुत अधिक छिद्रोँ वाला खुरदरा पत्थर है, जिसमें हवा भरी रहती है। घनत्व पानी से कम होने के कारण यह तैरता है। लोगों ने पत्थर पर लिखे श्रीराम को देखते हुए पत्थर की पूजा-अर्चना करनी भी शुरू कर दी है। भागलपुर में इस तरह के अनोखे पत्थर मिलने के बाद से इसकी चर्चा तेज हो गई है। आसपास के लोगों में काफी खुशी भी देखने को मिल रही है। लोग इसे भगवान का चमत्कार मान रहे हैं।

 189 total views,  3 views today