भारत जोड़ो यात्रा के तहत भागलपुर में हुए प्रेस वार्ता
जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
9 जनवरी 2022
भागलपुर : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रभारी भक्तचरण दास, प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अखिलेश प्रसाद सिंह एवं बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने रविवार को भारत जोड़ो यात्रा बिहार संस्करण पर एक संयुक्त प्रेस वार्ता को होटल वैभव इन,भागलपुर में संबोधित किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए भक्तचरण दास ने कहा कि यह यात्रा राहुल गाँधी जी के नेतृत्व में भारत जोड़ों यात्रा के रुप में पूरे देश में व्यापक स्तर से हो रहा है। इस यात्रा में हर जाति, धर्म एवं संप्रदाय के लोग भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग धार्मिक तनाव फैलाने का प्रयास कर रही है, ना महंगाई की बात कर रही है और ना बेरोज़गारी की। यह यात्रा किसानों के अधिकार एवं जल, ज़मीन एवं जंगल की रक्षा के लिये है। लेकिन मोदी जी अपने मित्रों के लिये काम करते हैं। इस यात्रा में भारी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अखिलेश सिंह ने पत्रकारों को नववर्ष की शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि इस यात्रा की शुरूआत मंदार पवर्त से हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे साहब ने विगत पाँच जनवरी को किया। पहली बार हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसी राज्य की यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। उन्होंने कहा कि यह पर्वत कई परिवर्तन का साक्ष्य रही है। मंदार पर्वत से कई आस्थायें जुड़ी हुई हैं। हिन्दुओं का विश्वास है कि यह पर्वत भगवान विष्णु का पवित्र आश्रय स्थल है। जैन धर्मावलंबी इसे भगवान वासुपूज्य से जुड़ा मानते हैं। आदिवासी लोग इसे सिद्धी क्षेत्र मानते हैं.प्रतिवर्ष लगने वाला बोंसी मेला अब राजकीय मेला हो गया है। आने आले परिवर्तन का भी ये साक्ष्य बनेगी। उन्होंने कहा कि आज पचास से अधिक किलोमीटर की यात्रा कर हम अंग प्रदेश के हृदय स्थल भागलपुर पहुँचे हैं। आज देश के युवा, माँ-बहनें, किसान, मज़दूर, श्रमिक सब कांग्रेस की ओर आशा भरी नज़रों देख रहे हैं और इस यात्रा से जुड़ रहे हैं। इस यात्रा ने उन्हें यह विश्वास दिलाया है कि भाजपा के इस अन्यायपूर्ण शासन से कांग्रेस ही निजात दिलायेगी। इस यात्रा ने कांग्रेस को नई पहचान दी है। बिहार में हम लगभग 1230 किलोमीटर की यात्रा कर राहुल जी के संदेश को घर-घर पहुँचाने का प्रयास करेंगे। बिहार में हमारा प्रयास है कि हम 1990 के कांग्रेस की जो स्तिथि थी, वही फिर से लायें पचपन या अंठावन दिनों की यात्रा के बाद ही बिहार में कांग्रेस एक मज़बूत स्थिति में दिखाई देंगी।
एक प्रश्न के जवाब में श्री सिंह ने कहा कि इस यात्रा से कांग्रेस की ज़मीन मज़बूत हो रही है और 2024 में भाजपा का पूरी तरह सफ़ाया हो जायेगा। गठबंधन में सीटों के मामले में अखिलेश जी ने कहा यह आलाकमान तय करती है लेकिन जो पार्टी जहां मज़बूत होगी, उसे वह सीट मिलेगी। जहां तक अन्य दलों को आमंत्रित करनें का प्रश्न है तो यह कांग्रेस पार्टी का अपना कार्यक्रम है, लेकिन समान विचारधारा वाले लोग जो आना चाहते हैं उनका स्वागत है।
हम नफ़रत के ख़िलाफ़ यह यात्रा कर रहे,हमारा नारा ही है नफ़रत छोडो: भारत जोड़ों. उन्होंने प्रेस वालों का धन्यवाद देते हुए कहा कि आप इस यात्रा को उचित स्थान दे रहे हैं, इसके लिये हृदय से धन्यवाद। हम आपके माध्यम से इस यात्रा में अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने के लिये आह्वान करते हैं।
वहीं स्थानीय विधायक अजीत शर्मा ने प्रेस को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत जोड़ों यात्रा समय की माँग है। यह पूरे भारत की जनता को आइना दिखाने का काम कर रही है। संवाददाता सम्मेलन का संचालन बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता आनन्द माधव कर रहे थे।
आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विधायक वीजेंद्र चौधरी, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा, ज़िला अध्यक्ष परवेज़ जमाल, कार्यकारी अध्यक्ष विपिन बिहारी यादव, पूर्व विधायक बंटी चौधरी, कांग्रेस नेता ब्रजेश पांडेय, प्रवीण सिंह कुशवाहा भी उपस्थित थे।
183 total views, 3 views today