लगातार दूसरी रात हुआ पुलिस पर हमला

जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
19 मार्च 2023

भागलपुर : जिले की पुलिस लगातार बदमाशों के निशाने पर है। 24 घंटे में दूसरी बार पुलिस पर हमला हुआ है। शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने इशाकचक थाना की पुलिस गाड़ी पर पथराव कर दिया। साथ में पुलिस द्वारा अरेस्ट किए गए आरोपी को भी छुड़ा लिया। इसमें 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इससे पहले गुरुवार की रात नवगछिया में बदमाशों ने एक दारोगा से लूटपाट कर ली थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ताजा मामला शुक्रवार रात के 2 बजे के करीब का है। पुलिस एक अभियुक्त गौरव हरि को गिरफ्तार करने गई थी। लेकिन जैसे ही गौरव हरि को गिरफ्तार कर लाने की कोशिश की गई, पुलिस पर पथराव कर दिया गया। इसमें 3 पुलिस कर्मी घायल हो गए। तीनों का उपचार सदर अस्पताल में कराया गया। इसमें बज्र टीम के दो सिपाही व इशाकचक थाने के एक पुलिस कर्मी को भी चोटें आई है।

*गौरव हरि पर कई मामले हैं दर्ज*: गौरव हरि पर आर्म्स एक्ट, मारपीट, दबंगई सहित कई मामले दर्ज हैं। वह 5 बार जेल जा चुका है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गौरव कटहलबाड़ी स्थित एक घर में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस रात में ही छापेमारी करने चली गई। लेकिन गिरफ्तार करने के समय उसपर पथराव कर दिया गया। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

*दूसरे अभियुक्त चिक्कू यादव ने किया सरेंडर*: गौरव हरि के गिरफ्तारी के बाद मामले में दूसरे मुख्य आरोपी चिक्कू यादव ने सीजीएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों आर्म्स एक्ट के अभियुक्त थे। पुलिस सूत्रों की मानें तो दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की जा सकती है।

*गुरुवार रात नवगछिया में दरोगा से हुई थी लूट*: इससे पहले नवगछिया पुलिस जिला में खरीक थाना क्षेत्र के प्रखंड कार्यालय के समीप दरोगा से ही लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था। दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने नवगछिया आदर्श थाना के दारोगा उमाशंकर सिंह से पिस्टल की नोंक पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है।इस दौरान दरोगा की बाइक, केस डायरी, मोबाइल लूट लिया गया था। विदित हो कि बिहपुर थाने से दरोगा लौट रहे थे, तभी अचानक से अपराधियों ने बाइक को रोक कर हथियार के नोंक पर दरोगा से सभी चीजें लूट ली थी। यह घटना गुरुवार की रात करीब 9 बजे हुई थी।

Loading

You missed