रजनी देवी बनीं पटना नगर निगम की नई डिप्टी मेयर, सुचित्रा सिंह को 15 वोट से हराया

रजनी देवी बनीं पटना नगर निगम की नई डिप्टी मेयर, सुचित्रा सिंह को 15 वोट से हराया
Edited By: राकेश कुमार
जनपथ न्यूज/सितंबर 17, 2021
पटना: पटना नगर निगम को नई डिप्टी मेयर मिल गई हैं। रजनी देवी पटना नगर निगम की नई मेयर बन गई हैं, वो इससे पहले 2017 में सिर्फ दो मतों से हार गई थी। RJD समर्थित रजनी देवी वार्ड 22 सी से नगर पार्षद हैं। कुल 59 वोट पड़े जिसमें 43 वोट रजनी देवी को मिला और विपक्ष में खड़ी वार्ड 22 बी की नगर पार्षद सुचित्रा सिंह को मात्र 15 वोट मिले, एक वोट अमान्य घोषित किया गया। रजनी देवी के निर्वाचन की घोषणा पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने की, जिसके बाद रजनी देवी को शपथ भी दिलाई गई।
जीत के बाद रजनी देवी ने कहा है कि बाकी बचे सात महीने के कार्यकाल में वो पटना को बेहतर बनाने की पूरी कोशिश करेंगी।
जानकारी के मुताबिक पटना नगर निगम के डिप्टी मेयर का चुनाव कलेक्ट्रेट के हिंदी भवन सभागार में संपन्न हुआ। चुनाव के लिए बैठक 11 बजे से बुलाई गई थी। वहीं 12 बजे तक ही पार्षदों को प्रवेश की अनुमति थी। चुनाव की दृष्टि से सुरक्षा के सभी कड़े इंतजाम किए गए थे। मालूम हो कि 5 साल के कार्यकाल के दौरान पटना नगर निगम का यह तीसरा डिप्टी मेयर का चुनाव हुआ। 2017 में विनय कुमार पप्पू डिप्टी मेयर बने थे। उसके बाद 2019 में मीरा देवी लॉटरी के जरिए डिप्टी मेयर बनी थीं। 30 जुलाई से पटना नगर निगम के डिप्टी मेयर का पद रिक्त था।
रजनी देवी के डिप्टी मेयर चुने जाने के बाद भी स्थिति में सुधार को लेकर अब असमंजस के हालत बन गए हैं। भले ही रजनी देवी को सीता साहू ने अपना उम्मीदवार बनाया है, लेकिन दोनों की राजनीतिक विचारधारा बिल्कुल अलग है। सीता साहू BJP की समर्थक मानी जाती हैं, वहीं नई डिप्टी मेयर रजनी देवी को RJD समर्थक कहा जा रहा है।