जनपथ न्यूज़ डेस्क
9 मार्च 2025

भोजपुरी गानों में बढ़ती अश्लीलता पर लगाम लगाने की तैयारी कर ली गई है। होली या अन्य मौकों पर सार्वजनिक स्थानों पर ‘दोहरे अर्थ वाले’ भोजपुरी गाने बजाने वालों पर अब कड़ा एक्शन लिया जाएगा। बिहार में डबल मीनिंग और अश्लील भोजपुरी गानों पर प्रशासन सख्त हो गया है। बिहार पुलिस ने ऐसी हरकतें करनेवालों के कार्रवाई करने का आदेश जारी किया है। बिहार में डीजे, अश्लील भोजपुरी और द्विअर्थी गीत बजाने वाले जेल भेजे जाएंगे। उनके खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि यह एक ‘ज्वलंत सामाजिक समस्या’ है, जो महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डालने के साथ-साथ बच्चों की मानसिकता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।

राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया कि सार्वजनिक समारोहों, बसों, ट्रकों और ऑटो-रिक्शा में इन गीतों को बजाने वाले लोगों पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। शुक्रवार को जारी किया गया यह सर्कुलर सभी महानिरीक्षकों (आईजी), उप महानिरीक्षकों (डीआईजी) और रेलवे पुलिस को भेजा गया है।

इस सर्कुलर के मुताबिक, “ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों और अश्लील तथा द्विअर्थी भोजपुरी गीतों को बढ़ावा देने वालों की पहचान करने के लिए पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों, समारोहों, बसों, ट्रकों और ऑटो रिक्शा में जब महिलाएं इस तरह के अश्लील और द्विअर्थी भोजपुरी गाने सुनती हैं तो उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है।”

Loading