पटना पुलिस का बड़ा अभियान: 24 घंटे में 32 गिरफ्तार, 13 अभियुक्तों ने किया आत्मसमर्पण
हत्या, हत्या के प्रयास और पुलिस पर हमला जैसे गंभीर मामलों में वांछित अपराधियों पर शिकंजा, अवैध शराब और वाहन भी जब्त

Edited By: राकेश कुमार
पटना। वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला तथा अन्य गंभीर मामलों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष समकालीन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत पश्चिमी क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 32 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की बढ़ती दबिश और लगातार छापेमारी के कारण 13 अभियुक्तों ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण भी किया है।

अभियान के दौरान की गई छापेमारी में लगभग 6.75 लीटर अवैध शराब एवं 2 वाहनों को बरामद कर जब्त किया गया है। इसके अलावा वारंट, कुर्की और इश्तेहार के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत 32 अभियुक्तों से संबंधित मामलों का निष्पादन किया गया।
पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।
![]()



