बोले- नीतीश कुमार ने जमीन से आसमान में बिठाया,उन्हें ही चाकू घोपने की कर रहे थे साजिश*

जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना, भागलपुर
Edited by: राकेश कुमार
19 अगस्त 2022

भागलपुर : जदयू से आरसीपी सिंह के अलग होने के बाद पार्टी के विधायक और नेता भी उनके खिलाफ बोलने से अब चूकते नहीं हैं। एक समय में पार्टी के सर्वे-सर्वा बने आरसीपी सिंह को अब पार्टी के विधायक भी उनपर तंज कसने लगे हैं।

गौरतलब हो कि भागलपुर स्थित सुलतानगंज विधानसभा से जदयू विधायक सह जिलाध्यक्ष प्रो० ललित नारायण मंडल ने आरसीपी सिंह के भाजपा ज्वाइन करने वाली खबर सुनने के बाद उन्हें जुबानी तीर के जरिए खूब खड़ी- खोटी सुनाई। उन्होंने इस बारे में एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर कहा कि नीतीश कुमार ने जिसे जमीन से उठाकर आसमान में बैठाने का काम किया, उसी ने हमारे नेता के पीठ में छुरा घोंपने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि आरसीपी सिंह अब भाजपा ज्वाइन करने जा रहे हैं। इससे ये बात तय है कि आरसीपी पहले से भाजपा के एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे।

*नीतीश जहां खड़ा होते हैं, सरकार वहीं बनती है*
जदयू विधायक प्रो०ललित नारायण मंडल ने इस दौरान भाजपा को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि हमने भाजपा के साथ गठबंधन किया, उनके ऊपर भरोसा किया और उन्होंने हमारे खिलाफ ही साजिश रचनी शुरू कर दी।

विधायक श्री मंडल ने कहा कि भाजपा हमेशा से हमारे नेता नीतीश कुमार के खिलाफ साजिश रचती रही है। यहां तक कि विधानसभा में भी भाजपा रणनीति बनाकर नीतीश कुमार को घेरने का काम कर रही थी। भाजपा हमारे पार्टी के विधायकों को तोड़कर हमें कमजोर करना चाहती थी। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश महासचिव सह राज्य परिषद के सदस्य विभूति प्रसाद गोस्वामी मौजूद थे। उन्होंने भी भाजपा के खिलाफ खूब बयानबाजी की और कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता पर काबिज रहने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है बिहार के इस वाक्य ने इस बात को प्रमाणित कर दिया है। इस मौके पर जदयू के पूर्व जिला अध्यक्ष अर्जुन साह सहित कई कार्यकर्तागण मौजूद थे।

Loading