दानापुरपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

भागलपुर एक्सप्रेस में शराब तस्करों का आतंक, पुलिस टीम पर हमले के बाद महिला समेत 4 गिरफ्तार, मोबाइल, बाइक और शराब बरामद

बक्सर में जांच के दौरान हुआ था हमला, SIT की तकनीकी जांच से खुला गिरोह का राज; महिला तस्कर समेत चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में

दानापुर/पटना: बिहार में शराब तस्करी के लिए ट्रेनों का इस्तेमाल लगातार जारी है। इस बीच रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भागलपुर एक्सप्रेस में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर फरार हुए शराब तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को ट्रेन संख्या 12336 भागलपुर एक्सप्रेस दिलदारनगर से दानापुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बक्सर स्टेशन के पास उत्पाद विभाग की टीम ट्रेन में शराब तस्करों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान एक महिला तस्कर को पकड़ लिया गया, लेकिन उसके अन्य साथियों ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया। हमले और अफरा-तफरी के बीच आरोपी कुशलपुर हाल्ट के पास ट्रेन की चेन खींचकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल, एक अपाची मोटरसाइकिल, एक हीरो मोटरसाइकिल तथा 3.27 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार यह एक अंतर-जिला तस्करी गिरोह है, जो ट्रेनों के जरिए शराब की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता था। फिलहाल गिरोह की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

रेल पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

दानापुर से सूरज सिंह की रिपोर्ट

Loading

Related Articles

Back to top button