जनपथ न्यूज डेस्क

Reported by: गौतम सुमन गर्जना/भागलपुर
Edited by: राकेश कुमार
15 सितंबर 2022

भागलपुर : भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में एक बच्चे की मौत कुंए में डूबने से हो गई। मृतक बच्चा अपने नाना नानी के घर रह रहा था। इस दौरान बुधवार को अचानक अपने आंगन में खेलते हुए ही बच्चा कुआं में गिर गया। जानकारी मिलने के बाद घरवालों ने खोजबीन शुरू की। जिसके बाद कुएं से शव को बरामद किया गया।

मृतक बच्चे के परिजनों के कथनानुसार-मृतक का नाम ओमराज है और वह महज 2 वर्ष का है, जो अपने नाना के घर में ही रहता था। बच्चा अपने घर के आंगन में खेल रहा था। परिजनों ने बताया कि वो आंगन में अपने नाना के साथ ही खेल रहा था। अचानक नाना कुछ मेहमानों को विदा करने बाहर तक गये। इसी बीच बच्चा खेलते हुए कुंआ तक पहुंच गया।

इस बारे में पूर्व वार्ड सदस्य सोनू कुमार ने बताया कि बच्चा सामने नहीं मिला तो सभी परेशान हो गये और बच्चे को इधर-उधर खोजने लगे। इसी दौरान सबकी नजर कुएं के अंदर हो रहे हलचल पर गई तो ये आभास हो गया कि बच्चा इसी में है। उसके बाद झग्गड की मदद से खोज शुरू हुई और काफी मशक्कत के बाद उस बच्चे के शव को बाहर निकाला गया।
शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, मौके पर बाथ थाना की पुलिस पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे के पिता जमालपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर पंचायत के रहने वाले हैं।

Loading