जनपथ न्यूज डेस्क

Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
20 अक्टूबर 2022

भागलपुर : जिले में इस बार आपको दीपावली में पानी से दीया जलाने के अवसर मिलेंगे। शहर में कई जगह इसके स्‍टॉल लगे हुए हैं। इस दीये का निर्माण भागलपुर की एक छात्रा ने की है.इंटर में पढ़ने वाली इस छात्रा का नाम सरिता कुमारी है। सरिता ने बताया कि उनके मन में आया कि क्‍यों नहीं एक ऐसा यंत्र का निर्माण किया जाए, जो इस दीपावली में लोगों को बड़ी राहत दे दे।

डीएन सिंह रोड पर दीया बेच रही इस सरिता ने कहा कि काफी संख्‍या में लोग इस दिए को खरीदने आ रहे हैं। लोगों को यह देख-सुनकर आश्‍चर्य भी हो रहा है। सरिता ने कहा कि इसका मूल्‍य 40 रुपये है, लोग इसे खूब खरीद रहे हैं।

आखिर क्‍या है इसकी खासियत : यह दीया प्‍लास्टिक का है। इसमें रुई या कपड़ा की बत्‍ती की जगह एलइडी लगा हुआ है। पानी डालने से एलइडी जलने लगता है। देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इसमें दीया के अंदर बैटरी लगी हुई है। पानी डालने से बैटरी में तार कनेक्‍ट हो जाता है और एलइडी जल जाता है। दुकानदार काफी सफाई से लोगों को इसे दिखाते नजर आ रहे हैं। दीया में पानी डाला और जल गया। सरिता ने बताया कि वह आर्थिक रूप से संपन्‍न नहीं हैं। इस कारण कुछ न कुछ निर्माण कर अक्सर बेचती हैं। उनकी बहन जो दशम वर्ग में पढ़ती है, इस कार्य में उसका सहयोग करती है।

घर का साज सज्जा हुआ मुश्किल : 24 अक्टूबर को दीपावली है। इसको लेकर घरों की साफ-सफाई शुरू हो चुकी है। बाजार भी दीपावली को लेकर तैयार हो चुका है। दो साल से कोरोना के कारण बाजार में मंदी छाई हुई थी। इस बार बाजार गुलजार है। दुकानदारों, व्यवसायियों को बाजार की रौनक लौट आने की उम्मीद है। दूसरी ओर बाजार पर महंगाई की मार भी स्पष्ट रुप से दिख रही है। आम ग्राहक बढ़ती हुई महंगाई और बढ़े हुए दाम से परेशान नजर आ रहे हैं।

इस बार दीपावली पर घर सजाना अधिकांश परिवारों के लिए आसान नहीं हैं। पेंट के दाम में 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। बाजार में 250 से 750 रुपये लीटर बिकने वाले पेंट के दाम में 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे आम आदमी को जोरदार झटका लगा है। पेंट के इस्तेमाल में लाए जाने वाले ब्रश और रोलर पर भी 20 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है। मनोज मंडल कहते हैं कि- बढ़ती हुई महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। घर का रंग-रौगन कराना भी आसान नहीं रहा है। दीवारों और छतों पर पेंट के इस्तेमाल से पहले लगाए जाने वाले पुट्टी के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है।

Loading