जनपथ न्यूज़ मोतिहारी. पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल में बुधवार की देर शाम रालोसपा के लोकल लीडर प्रेम चंद्र कुशवाहा की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह हत्या के विरोध में लोग सड़क पर उतर आए। हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए उग्र लोगों ने पकड़ीदयाल में सड़क जाम कर दिया।
उपेंद्र कुशवाहा ने पूछा और कितने बलि चाहिए?
दूसरी ओर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर बिहार में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि यह अत्यंत दुखद है। माननीय मुख्यमंत्री जी, आखिर रालोसपा के और कितने साथियों की बलि चाहिए, सुशासन की गरिमा को बनाये रखने के लिए?
सीओ को बनाया बंधक
प्रेम चंद्र की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों ने पकड़ीदयाल के सीओ को बंधक बना लिया। मधुबन के थानाध्यक्ष को भी गुस्साए लोगों ने बंधक बना लिया। दोनों अधिकारी विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने और सड़क जाम हटाने के लिए राजी करने गए थे। उग्र लोग मौके पर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे।
अपराधियों ने मारी थी दो गोली
बुधवार की देर शाम अपराधियों ने पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के पकड़ीदयाल चोरमा पथ पर रालोसपा के लोकल लीडर और एक निजी नर्सिंग होम के संचालक प्रेम चंद्र कुशवाहा की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
 
प्रेम चंद्र बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इस दौरान चोरमा से 1 किलोमीटर पहले ही धनगर टोली चोरमा सरेह के बीच में उन्हें बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। एक गोली उनके पेट के आर-पार कर गई और दूसरी गोली कंधे में लगी। अपराधियों ने कंधे के पीछे चाकू से वार किया। घटनास्थल से दो चाकू बरामद किए गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *