हथकड़ी खोल फरार हुआ कैदी, भागने के दौरान नदी में गिरने से हुई मौत, ग्रामीणों ने लगाया आरोप- मारकर शव नदी में फेंका………….

राकेश कुमार/जनपथ न्यूज
जुलाई 27, 2021

पटना के पुनपुन थाना में पुलिस गिरफ्त से भाग रहे एक कैदी की पुनपुन नदी में डूबने से मौत हो गई। कैदी की मौत की सूचना मिलते ही गांव के लोग उग्र हो गए और थाना के पास जमा होकर हंगामा शुरू कर दिया। जबकि ग्रामीणों को आरेप है कि पुलिस ने गोलू की हत्या कर उसके शव को पुनपुन नदी में बहा दिया। गोलू कुमार पुनपुन थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी कृष्णा चौधरी का 23 वर्षीय पुत्र था।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम पुनपुन थाने की पुलिस ने चोरी के आरोप में गोलू नामक युवक को गिरफ्तार किया था। सोमवार सुबह गोलू ने शौच के लिए सिपाही से कहा। थाना के सिपाही उसे रस्सी से बांधकर पुनपुन बांध की तरफ शौच के लिए ले गए थे। इसी क्रम में गोलू हाथ से रस्सी सरका कर भागने लगा। सिपाहियों ने जब पीछा किया तो गोलू भागते हुए पुनपुन नदी में कूद पड़ा। तेज बहाव के कारण नदी में डूबने लगा। जिससे नदी में डूबने से गोलू की मौत हो गई। गोलू के शव को किसी तरह पुलिसकर्मियों ने नदी से बाहर निकाला। घटना की सूचना पाकर भारी संख्या में ग्रामीण पुनपुन थाना पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा गोलू की हत्या कर उसके शव को पुनपुन नदी में बहा दिया गया है, आज लोगों ने इसका विरोध किया तब उसका शव पुनपुन नदी से निकाला गया। परिजनों ने सिपाहियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। घटना के बाद थाना पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों ने पहुंचकर मामले की छानबीन की और आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं दूसरी तरफ पुनपुन थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी के आरोप में गोलू को गिरफ्तार किया गया था और आज सुबह उसके शौच के लिए ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में हाथ से रस्सी सरका कर गोलू पुनपुन नदी में कूदकर भागने की कोशिश करने लगा और तेज बहाव के कारण उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगर इसमें कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 102 total views,  3 views today

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *