शादी के बाद पहली बार मायके आई नई नवेली दुल्हन मां को बाजार में बिठाकर प्रेमी के साथ हुई फरार, उसके पति ने कहा; उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी………..
Edited By: राकेश कुमार
जनपथ न्यूज
अगस्त 28, 2021
पटना: राजधानी पटना के बिहटा में शादी के बाद पहली बार मायके आई दुल्हन मां को बाजार में बिठाकर प्रेमी संग भाग गई। पति ने लड़की के घरवालों को फोन कर जल्द से जल्द विदाई कराने को कहा। इसके बाद लड़की के घरवालों ने बिहटा थाना में शिकायत दर्ज कराई।
स्थानीय लोगों के अनुसार लड़की की शादी कुछ दिन पहले ही हुई थी। शादी के बाद वह पहली बार मायके आई थी और अचानक गायब हो गई। बाद में पता चला कि वह अपने पुराने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिहटा के गोकुलपुर निवासी दामोदर शर्मा की बेटी सीमा कुमारी की शादी भोजपुर के बिरनपुर के संजीत कुमार के साथ हुई थी। शुक्रवार शाम वह अपनी मां सुनीता देवी के साथ बिहटा बाजार गई थी। इस बीच सीमा ने मां को एक जगह बैठा दिया और थोड़ी देर इंतजार करने की बात कहकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। काफी देर तक सीमा नहीं लौटी तो उसकी मां परेशान हो गई। वह घर आई और परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। परिजन लड़की की तलाश में जुटे थे तभी सीमा के पति का फोन आ गया। इसके बाद बिहटा थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस को दिए आवेदन में परिजनों ने बताया है कि सीमा कुमारी को आरा के किशुनपुर का सिंटू कुमार बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच काफी वक्त से अफेयर चल रहा था। शादी के बाद भी सीमा प्रेमी से फोन पर बात करती थी। इसकी भनक उसके पति को नहीं लगी। नई नवेली दुल्हन के भाग जाने से पति को सदमा लगा है। उसने कहा कि अगर सीमा को शादी मंजूर नहीं थी तो बताना चाहिए था। उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी।
बिहटा थाना एएसआई, राजेश्वर पंडित ने बताया “गोकुलपुर के दामोदर शर्मा ने अपनी बेटी सीमा कुमारी के गायब होने का मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। उनके बरामद होने पर ही सच्चाई सामने आएगी, प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग का मामला प्रतीत हो रहा है।”
132 total views, 3 views today