मिनटों में किसानों की समस्या का होगा हल

जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
24 फरवरी 2023

भागलपुर : बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में तीन दिवसीय कृषि मेला का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन बीएयू के कुलपति, भागलपुर सांसद अजय मंडल, विधायक गोपाल मंडल सहित अन्य लोगों ने फीता काटकर किया। कृषि मेले में कई तरह के स्टॉल लगाए गए। इसमें किसानों की समस्या के हल को लेकर एक एप लांच किया गया। एप का नाम ई-निरोग है। इससे किसानों को होने वाले परेशानी के हल के बारे में बताया जाएगा, जिससे किसान लाभांवित होंगे।

*कुलपति ने कहा किसान सीखेंगे नई तकनीक*: कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि किसान अब नई तकनीकी से खेती करेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय के द्वारा कई तरह के शोध भी किये जा रहे हैं। किसानों के द्वारा लगाए गए स्टॉल में अधिकतर तकनीकी के द्वारा किये जा रहे खेती का स्टॉल लगाया गया है। खास कर इसमें युवाओं के द्वारा मखाना प्रोसेसिंग,कुकुट पालन सहित कई तरह के स्टॉल लगाए गए हैं।

*सांसद ने कहा- किसान भी होंगे स्मार्ट*: सांसद अजय मंडल ने कहा कि किसान भी अब धीरे-धीरे स्मार्ट होंगे। यहां शोध कर कई तरह के नए बीज व तकनीक किसानों को बताया जा रहा है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। तकनीक के साथ खेती करने से आय बढ़ने के साथ साथ समय का भी बचत होगा। उत्तम किस्म के फसल भी उपज होंगे। वहीं भागलपुर का मशहूर कतरनी चूड़ा व जर्दालु आम के भी नए किस्म उगाए जाएंगे। इसे उच्च दामों में बाजारों में बेचा जाएगा।

*गोपाल मंडल ने कहा कि किसान सलाहकार नहीं करते हैं मदद*: वहीं गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल ने मंच से कहा कि किसान सलाहकार अगर अपना काम सही से करे तो किसानों को परेशानी नहीं होगी। किसान तक सरकार के हरेक योजनाओं को पहुंचाया जाए। इससे किसानों को लाभ मिलेगा। लेकिन किसान सलाहकार किसानों को नहीं बताते हैं।
*एप से मिलेगा लाभ* : वहीं बीएयू के कुलपति डीआर सिंह ने बताया कि इस एप से किसानों की समस्या का हल मिनटों में हो जाएगा। एप के माध्यम से लोग अपनी परेशानी को बताएंगे ,तो तुरंत उनके वाट्सएप पर उसका हल बताया जाएगा। खास कर किसानों के सामने फसल में कीड़े लगने की समस्या, अच्छा पैदावार नहीं होना सहित कई तरह की समस्या आती है। इसका हल किसानों को तुरंत मिलेगा।

Loading