बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, अश्लील फिल्में बनाने का आरोप……..
राकेश कुमार/जनपथ न्यूज
जुलाई 20, 2021
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अश्लील फिल्म और उन्हें ऐप पर रिलीज करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में उन्हें पुलिस ने मुख्य आरोपी बनाया है।
इसी साल फरवरी में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें ऐप के जरिए रिलीज करने का केस दर्ज किया गया था। इसी मामले में राज कुंद्रा को मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस का कहना है कि उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं और उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मेडिकल जांच के बाद राज कुंद्रा को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने फरवरी 2021 में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का एक केस दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस ने कई अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की थी।
इस मामले में राज कुंद्रा से पहले 4 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इन्हीं आरोपियों के बयान और टेक्नीकल सबूत के आधार पर राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस मामले में राज कुंद्रा मुख्य आरोपी हैं।
मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि हॉटशॉट नाम की एक ऐप बनाई गई थी और इस पर फिल्मों को रिलीज किया जाता था और उसके बाद लोगों से पैसे लिए जाते थे। पुलिस के मुताबिक इस ऐप के मालिक राज कुंद्रा हैं। हालांकि, राज कुंद्रा ने दावा किया था कि उनका इस ऐप से कोई लेना-देना नहीं था।
90 total views, 3 views today