बिहटा के नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में ‘आरोहण–2026’ ओरिएंटेशन व व्हाइट कोट समारोह आयोजित, 250 एमबीबीएस छात्रों ने ली महर्षि चरक शपथ
मुख्य अतिथि के रूप में पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र और विशिष्ट अतिथि के तौर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) बिंदेय कुमार रहे मौजूद

बिहटा / पटना: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अमहारा (बिहटा, पटना) के सभागार में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को ‘आरोहण–2026’ के तहत ओरिएंटेशन कार्यक्रम और व्हाइट कोट समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के प्रबंध निदेशक श्री कृष्ण मुरारी सिंह, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित, डीन डॉ. संजय कुमार तथा फाइनेंस रजिस्ट्रार एवं छात्रावास अधीक्षक श्री पवन कुमार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।

चिकित्सा पेशे की नैतिकता, अनुशासन और सेवा भावना का दिया गया संदेश
समारोह में बिहार सरकार के माननीय पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति तथा इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना के निदेशक प्रो. (डॉ.) बिंदेय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक माहौल, चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों और व्यावसायिक आचरण से अवगत कराना था। व्हाइट कोट समारोह के दौरान विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र की गरिमा, अनुशासन, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों के प्रति उनके कर्तव्यों से परिचित कराया गया।
250 नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने किया महर्षि चरक शपथ ग्रहण
समारोह का प्रमुख आकर्षण 250 नवप्रवेशित एमबीबीबीएस विद्यार्थियों द्वारा महर्षि चरक शपथ ग्रहण करना रहा। शपथ के माध्यम से सभी विद्यार्थियों ने चिकित्सा पेशे की नैतिक मर्यादाओं का पालन करने, मरीजों के प्रति संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाने तथा पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने चिकित्सा शिक्षा में नैतिकता, करुणा और अनुशासन के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सक बनने के लिए प्रेरित किया। अंत में संस्थान के प्रबंधन, प्राचार्य, डीन, संकाय सदस्यों और पदाधिकारियों ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

![]()



