पटना में पुलिस का बड़ा अभियान: 24 घंटे में 26 गिरफ्तार, हथियार व मादक पदार्थ बरामद
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा

जनपथ न्यूज़
Edited by: राकेश कुमार
पटना पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत पश्चिमी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला तथा अन्य गंभीर कांडों में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार, विगत 24 घंटे में कुल 26 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। लगातार बढ़ती पुलिस दबिश के कारण 4 अभियुक्तों ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण भी किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1 देशी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस, 584.05 ग्राम गांजा, 1.18 लीटर अवैध शराब, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कटर तथा 10 मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए हैं। इसके अतिरिक्त वारंट, कुर्की एवं इश्तेहार के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत 9 अभियुक्तों के विरुद्ध लंबित कांडों का निष्पादन किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
![]()



