जनपथ न्यूज डेस्क, पटना
Edited by: राकेश कुमार
8 जून 2022
बिहार के प्रसिद्ध कहानीकार भिखारी ठाकुर के चरित्र लौंडा नाच पर आधारित चलचित्र ”द लिपिस्टिक ब्वॉय” फिल्म के निर्माता अभिनव ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद से आज शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ”द लिपिस्टिक ब्वॉय” के पोस्टर को लांच किया।
गौरतलब है कि भोजपुरी क्षेत्र में नाच और भिखारी ठाकुर दूसरे के पर्याय रहे हैं। भारत में लोकनाट्य विधाओं की एक समृद्ध परंपरा है। ‘लौंडा नाच’ कुछ साल पहले तक उस गंवई एवं कस्बाई समाज के किसान मजदूरों की अभिव्यक्ति और मनोरंजन का सबसे सशक्त विधा था। हालांकि आज के इस बदलते परिवेश और मनोरंजन संस्कृति में इनके प्रदर्शन काफी कम हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने फिल्म की सफलता की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस फिल्म का निर्माण कर निर्माता अभिनव ठाकुर ने बिहार की लोक संस्कृति एवं परंपराओं को पुनर्जीवित करने का सार्थक प्रयास किया है। प्रदेश के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन जी ने भी इस फिल्म को सराहा है।
उन्होंने फिल्म की सफलता और ”द लिपिस्टिक ब्वॉय” के निर्माता अभिनव ठाकुर को उनके उज्जवल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।