दुनिया में सबसे ज्यादा कोरोना वैक्सीन लगाने वाला देश बना भारत, अमेरिका-ब्रिटेन को पछाड़ा
राकेश कुमार/जून 28, 2021
भारत में कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण की संख्या 32 करोड़ के पार कर गई है। देश में रविवार को 17, 21 268 टीके लगाए गए। जिसके बाद अब तक की कुल संख्या 32 करोड़, 36 लाख 63 हजार 297 हो गई। इसके साथ ही दुनियाभर में भारत सबसे ज्यादा टीकाकरण करने वाला देश बन गया। “ग्लोबर वैक्सीन ट्रैकर” की एक रिपोर्ट के अनुसार ब्रिटेन, अमेरिका, इटली, जर्मनी, फ्रांस और भारत में टीकाकरण की गति तेज है। सबसे बड़ी बात है कि भारत में टीकाकरण इस साल 16 जनवरी से शुरू हुआ जबकि ब्रिटेन में 8 दिसंबर को, अमेरिका में 14 दिसंबर, इटली, जर्मनी और फ्रांस में 27 दिसंबर को टीकाकरण की शुरुआत हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार, 28 जून की सुबह 8 बजे तक ब्रिटेन में 7 करोड़, 67 लाख 74 हजार 990, अमेरिका में 32 करोड़, 33 लाख, 27 हजार 328, इटली में 4 करोड़ 96 लाख 50 हजार 721, जर्मनी ने 7 करोड़ 14 लाख 37 हजार 514 और फ्रांस में अब तक 5 करोड़ 24 लाख 57 हजार 288 टीके लगाए जा चुक हैं। भारत में यह संख्या 32 करोड़, 36 लाख 63 हजार 297 है।
भारत में टीकाकरण अभियान के 163वें दिन 27 जून को 13.9 लाख को पहली और 3.3 लाख लोगों को दूसरी खुराक दी गई। देश में इस साल 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया था। इसके साथ ही 1 मई को 18-44 आयु वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू किया गया।