जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
30 दिसंबर 2022

भागलपुर : जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित शाहाबाद के रहने वाले जमीन कारोबारी अमित झा 22 नवंबर से लापता था। इसकी हत्या की पुष्टि 26 नवम्बर को एसएसपी बाबूराम ने किया था। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था। मुख्य आरोपी पुलिस के गिरफ्त के बाहर था। पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलीप मंडल को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गुरुवार को पुलिस ने बाथ थाना क्षेत्र के एक तालाब से शव को बरामद किया है।

अपहरण कर हत्या कर दी गई थी : अमित का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। अमित घर से 22 नवंबर को घर से दिन के 1:30 बजे निकला था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया था। पीड़ित परिवार ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा एक टीम का गठन किया गया। तत्पश्चात पुलिसकर्मियों ने करीब 8 से 10 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया था। पूछताछ के दौरान अमित की हत्या कर शव को ठिकाने लगा देने की बात सामने आई थी। उसके बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

जमीन के लिए हुई थी हत्या : गिरफ्तार युवक से पूछताछ में पता चला था कि 5 बीघा जमीन के लिए अमित झा की हत्या की साजिश रची गई थी। जिसमें 5 लोग शामिल थे और इस मामले में 2 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त में अविनाश कुमार कटहरा निवासी और दिनेश मंडल कटहरा निवासी शामिल थे। वहीं, इस मामले में तीन अपराधी फरार चल रहे थे। जिसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलीप मंडल को गिरफ्तार कर लिया और इस दिलीप के ही निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद कर लिया।

नहर से शव को किया बरामद : दिलीप की निशानदेही पर बाथ थाना क्षेत्र के अठरिया नहर से शव को बरामद किया गया। मृतक के परिजनों ने शव की शिनाख्त मृतक के कपड़ों से की है। एफएसएल की टीम द्वारा जांच की गई और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे का खुलासा हो पाएगा।

Loading