पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में चीन की हे बिंग जिआओ को हराकर जीता कांस्य पदक

पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में चीन की हे बिंग जिआओ को हराकर जीता कांस्य पदक
राकेश कुमार, जनपथ न्यूज
अगस्त 1, 2021
पीवी सिंधु ने चीन की हे बिंग जियाओ को हराकर टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत लिया है।
सिंधु ने पहले गेम में जियाओ को 21-13 से हराया। दूसरे गेम में दोनों की बीच कड़ा मुक़ाबला हुआ लेकिन सिंधु अपनी प्रतिद्वंद्वी पर भारी पड़ीं और उन्होंने यह गेम 21-15 से जीत कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इसके साथ ही टोक्यो ओलंपिक में भारत की झोली में दो पदक हो गए हैं। इससे पहले मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीत कर टोक्यो में भारत के पदकों का खाता खोला था।

कांस्य पदक जीतने के बाद सिंधु ने कहा कि शनिवार को सेमीफ़ाइनल में मिली हार के बाद वे बहुत उदास थीं। कांस्य पदक के इस मुक़ाबले पर वे फ़ोकस नहीं कर पा रही थीं। फिर जब कोच पार्क ने कहा कि नंबर तीन पर आना, नंबर चार पर आने के मुक़ाबले एक बड़ी उपलब्धि है, तो उन्हें यह अहसास हुआ कि यह मैच उनके लिए कितना महत्वपूर्ण है।
सिंधु को सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में वर्ल्ड नंबर-1 ताई जू यिंग के ख़िलाफ़ हार का मुंह देखना पड़ा था। वहीं क्वार्टरफ़ाइनल में जापान की अकाने यामागुची को हराकर सिंधु ने सेमी फ़ाइनल में अपनी जगह बनाई थी।
सिंधु ने रियो ओलंपिक में भी रजत पदक जीता था। टोक्यो में कांस्य जीत कर वो भारत की पहली ऐसी महिला खिलाड़ी बन गई हैं जिसने ओलंपिक खेलों के व्यक्तिगत स्पर्धा में दो पदक हासिल किए हैं।
![]()



