पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती, पिस्टल के दम पर 20 लाख की लूट
पटना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

जनपथ न्यूज़/क्राइम डेस्क
19 अप्रैल 2026:
राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अज्ञात अपराधी दुकान में घुसे और पिस्टल का भय दिखाकर दुकानदार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने दुकान से लगभग ₹15 से ₹20 लाख मूल्य के करीब 100 ग्राम सोने के गहने और 3 से 4 किलोग्राम चांदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया। दुकानदार के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।

टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी जांच के जरिए अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले का शीघ्र उद्भेदन किया जाएगा।

![]()



