मादक पदार्थों के खिलाफ पटना पुलिस की ‘मेगा’ कार्रवाई; 90 लाख का प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, 28 हजार से अधिक बोतलें बरामद, 2 गिरफ्तार
पटना में नशे की बड़ी खेप बरामद: पुलिस ने पकड़ा 2,863 लीटर कोडीन सिरप।

जनपथ न्यूज़/ क्राइम डेस्क
पटना पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के कड़े निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ₹86 से ₹90 लाख मूल्य की प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद की है। इस पूरे ऑपरेशन में कुल 28,630 बोतलें (लगभग 2,863 लीटर) जब्त की गई हैं और दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

ऑटो से शुरू हुआ सुराग, गोदाम तक पहुँची पुलिस
कार्रवाई की शुरुआत 23 अप्रैल 2026 को हुई, जब चित्रगुप्तनगर थाना को एक ऑटो के जरिए अवैध सप्लाई की सूचना मिली। बहादुरपुर और चित्रगुप्तनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर ऑटो से 5 कार्टन सिरप बरामद किया और एक तस्कर को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की:
खेमनीचक (रामकृष्णानगर): एक मकान से 30 कार्टन बरामद।
कोठिया (दीदारगंज): एक बड़े गोदाम से 84 कार्टन बरामद।

इस कड़ी में कुल 16,130 बोतलें पुलिस के हत्थे चढ़ीं।
मद्य निषेध विभाग की सूचना पर दूसरी बड़ी रेड
इसी अभियान के दौरान, मद्य निषेध विभाग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर चौक थाना क्षेत्र के जालान स्कूल के पास एक मकान में छापेमारी की गई। यहाँ अवैध रूप से स्टोर की गई 84 कार्टन (करीब 1,250 लीटर) कोडीन सिरप की खेप पकड़ी गई। मौके से भंडारण में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पटना पुलिस के अनुसार, बरामद खेप की कुल मात्रा 2,863 लीटर है। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और सप्लाई चेन का पता लगा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले ऐसे सिंडिकेट के खिलाफ कठोर ‘विधिसम्मत’ कार्रवाई जारी रहेगी।

”मादक पदार्थों के विरुद्ध हमारा अभियान शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति पर आधारित है। पटना के हर क्षेत्र में सघन चेकिंग और छापेमारी जारी रहेगी।”
— पुलिस प्रशासन, पटना
![]()



