जनपथ न्यूज़ :- पटना से पूर्णिया जा रही बस बुधवार की सुबह गोविंदपुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गयी। इस हादसे में यात्रियों को हल्की चोटें आयी है।
दुर्घटना में एक लड़की के पैर में अधिक चोट लगने पर ग्रामीणों ने इलाज के लिए उसे पीएचसी पहुंचाया। लखीसराय की रहने वाली प्रियंका कुमारी पूर्णिया जाने के लिए मंगलवार की शाम बस से सफर कर रही थी। घटना के समय वह जगी हुई थी।
उसने बताया कि सड़क के बीच बने डिवाइडर से बस टकरा कर बीच सड़क पर पलट गयी। बस के पलटते ही यात्रियों में कोहराम मच गया। घटना के बाद आसपास के लोग स्थल पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को निकालने का काम किया। इस बीच कुछ लोग बस से सामान गायब करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। थानाध्यक्ष ने बस से निकालकर खेतों में छिपाये सामान की बरामदगी भी कर ली गई है। सभी सामान को थाने लाया गया है।