जक्कनपुर थाने और आसपास के 32 खटालों पर चला नगर निगम का बुल्डोजर…. जनपथ न्यूज डेस्क, पटना

जनपथ न्यूज डेस्क, पटन
Edited by: राकेश कुमार
27 जुलाई 2022
पटना: पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल व कंकड़बाग अंचल की ओर से रविवार को संयुक्त रूप से चले विशेष अभियान में सरकारी व निजी जमीन पर बनाये गये 32 खटालों को ध्वस्त किया गया। हाइकोर्ट के आदेश पर नगर निगम की ओर से विशेष अभियान चला कर जक्कनपुर थाने के मीठापुर, पुरंदरपुर, जक्कनपुर सहित आसपास इलाके में खटालों को तोड़ा गया। इस दौरान अफरातफरी मची रही। खटाल संचालक ध्वस्त किये गये खटाल के सामानों को जमा करने में व्यस्त रहे।
खटाल को हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस के द्वारा लगभग सात घंटे तक अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक जक्कनपुर थाने के अलग-अलग इलाके में अभियान चला कर खटाल हटाये गये। पिछले तीन दिनों से इन इलाके में खटाल हटाने के लिए माइक से प्रचार किया जा रहा था।
इस कार्रवाई में नगर निगम की टास्क फोर्स के अलावा जिला प्रशासन की ओर से भी मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात किये गये थे। इसमें 20 पुरुष सिपाही और 10 महिला सिपाही की प्रतिनियुक्ति हुई थी। इसलिए कार्रवाई के दौरान खटाल संचालकों की ओर से खास विरोध नहीं हुआ। खटाल हटाने के दौरान मजिस्ट्रेट के अलावा नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन, कंकड़बाग अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी, अतिक्रमण प्रभारी मौजूद थे।