पुलिस अधिकारियों के सामने ही हुई बहस

जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
28 जनवरी 2023

भागलपुर : जदयू के चर्चित विधायक गोपाल मंडल का विवादों से गहरा नाता रहा है। गुरुवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर वे पूर्व सांसद व भाजपा नेता के साथ तू-तू मैं-मैं करते हुए देखे गए। मामला जिले के नवगछिया स्थित पुलिस लाइन का है।
नवगछिया पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान अतिथि दीर्घा में सबसे आगे वाली पंक्ति में गोपाल मंडल, जदयू जिलाध्यक्ष व अन्य नेताओं के साथ बैठे हुए थे। तभी पूर्व सांसद सह भाजपा नेता अनिल यादव वहां पहुंचे और जदयू जिलाध्यक्ष को बगल की कुर्सी पर बैठने को कह दिया।
इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। गोपाल मंडल ने कहा कि जदयू जिलाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार भारती यहीं बैठेंगे। आप कहीं और बैठें। दोनों नेता समारोह के दौरान ही आपस में उलझ गए। आखिर में पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव कर हंगामा शांत कराया।
*पीएम के लिए असंसदीय भाषा प्रयोग करने का आरोप*: बाद में अनिल यादव ने जदयू विधायक पर आरोप लगाया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए असंसदीय भाषा का प्रयोग किया। उन्हें भी गालियां दी। यहां तक कि उन्हें उठा लेने की धमकी तक दे डाली। अनिल यादव ने गोपाल मंडल को अपराधी करार देते हुए कहा कि जमीन और खेत हड़पना इनकी आदत हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गोपाल मंडल का इलाज करवाएं या कांके में इन्हें भर्ती करा दें।
*जदयू विधायक ने अनिल यादव पर लगाया आरोप*: वहीं जदयू विधायक गोपाल मंडल की मानें तो अनिल यादव देर से पहुंचे और जदयू जिलाध्यक्ष को पीछे बैठने को कहा। इसके बाद भी वो अड़ गए। इसके बाद अनिल यादव ने ही उन्हें धमकी दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया।
गोपाल मंडल ने यह भी कहा कि मारपीट का मौका मिलता तब तो हो ही जाता। वहीं अनिल यादव का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व हो या आम दिन, गोपाल मंडल मारपीट पर उतारू रहते हैं। इस मामले में पूर्व सांसद ने गोपाल मंडल के खिलाफ नवगछिया एसपी सुशांत सरोज को आवेदन भी दिया है। एसपी ने कहा कि क्या कुछ मामला है, उन्हें जानकारी नहीं है, देखते हैं।
*भाजपा ने किया प्रदर्शन*: इस विवाद को लेकर भाजपा विधायक ई०शैलेंद्र ने पार्टी कार्यालय में प्रदर्शन किया। ई० शैलेंद्र ने बताया कि जिनके मुखिया ही मानसिक संतुलन खो दिए हैं, उसका विधायक कितना सही रहेगा। जब खुद के पार्टी के नेता ही उन्हें शिखंडी बताते हैं तो इससे आप भी समझ सकते हैं। गोपाल मंडल अगर सांसद को गाली दे दिए तो कौन सी बड़ी बात हो गई।

फोटो : पूर्व सांसद अनिल यादव व जदयू विधायक गोपाल मंडल

Loading