पटना स्थित अभियान 40 आईएएस में “डॉ. पूर्णिमा शेखर स्मृति पुस्तकालय सह वाचनालय” का उद्घाटन, छात्रों को मिलेगा बेहतर अध्ययन माहौल

पटना: राजधानी पटना स्थित अभियान, 40 आईएएस परिसर में आज “डॉ. पूर्णिमा शेखर स्मृति पुस्तकालय सह वाचनालय” का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर देश और राज्य के कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली।

उद्घाटन समारोह में संघ लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. डीपी अग्रवाल, बिहार सरकार के पूर्व मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं दर्शनशास्त्र विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. रास बिहारी प्रसाद सिंह तथा श्री आर. एन. दिवाकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. डीपी अग्रवाल एवं अंजनी कुमार सिंह ने फीता काटकर पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया।

इस पुस्तकालय का मुख्य उद्देश्य छात्रों को एक शांत, सुव्यवस्थित और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकें। खास बात यह है कि यहां उन छात्रों के लिए भी किताबों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो आर्थिक कारणों से पुस्तकें खरीदने में असमर्थ हैं। ऐसे छात्र यहां से किताबें लेकर अपनी तैयारी जारी रख सकते हैं।

पुस्तकालय प्रबंधन और अभियान-40 आईएएस के संस्थापक विलास कुमार का मानना है कि यह पहल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे एक बार पुस्तकालय का अवश्य भ्रमण करें और यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि पटना के छात्रों के लिए सफलता की नई राह भी खोलेगी।
![]()



