डिप्टी सीएम बनाने की कोई बात नहीं

जनपथ न्यूज डेस्क
Reported by: गौतम सुमन गर्जना
Edited by: राकेश कुमार
12 जनवरी 2023

भागलपुर/पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का जनता दल यूनाइटेड में विलय कराने वाले उपेंद्र कुशवाहा का सपना एक बार फिर तोड़ दिया है। पार्टी में दूसरे नंबर के पोजिशन पर रहे कुशवाहा पिछले कुछ दिनों से डिप्टी सीएम बनाए जाने की बात पर खुश हो रहे थे।

गौरतलब हो कि खुशी जताते हुए श्री कुशवाहा बहुत कुछ बोल गए थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने बुधवार को कह दिया कि मंत्रिमंडल विस्तार होगा और डिप्टी सीएम बनाने की कोई बात नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि राजद कोटे से जो मंत्री हटे हैं, उनकी जगह किसी को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा कांग्रेस के कुछ लोगों को इस मंत्रीमंडल में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि, समझ में नहीं आ रहा है कि एक और उप मुख्यमंत्री बनाने की फालतू बातें कहां से उठी। भाजपा वाले जब साथ में थे तो शुरू में ही उन्होंने दो उप मुख्यमंत्री बनाए थे। मंत्रिमंडल विस्तार में राजद के हटे मंत्रियों वाली सीट राजद को मिलेगी और कांग्रेस की संख्या बढ़ेगी।

बिहार में होगा मंत्रिमंडल का विस्तार : बिहार में पिछले कुछ दिनों से नीतीश मंत्रिमंडल विस्तार की काफी चर्चा थी। इसे लेकर बिहार की सियासत गरमाई भी हुई है, वो भी ऐसी कि जदयू के वरीय नेता उपेन्द्र कुशवाहा ने तो इशारों ही इशारों में सही, लेकिन उपमुख्यमंत्री की कुर्सी पाने की इच्छा भी जता दी थी। लेकिन इसी बीच समाधान यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोनों बातों पर बयान देकर गरमाई हुई सियासत को ठंडा कर दिया है।
नीतीश कुमार समाधान यात्रा के दौरान मधुबनी के संग्राम में मिथिला हाट का लोकार्पण करने गए थे। इसी दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार की जो चर्चा है, वो गठबंधन की सातों पार्टियों के लिए नहीं है। कुशवाहा के उप मुख्यमंत्री बनने की कयासों पर विराम लगाते हुए नीतीश कुमार ने कहा, पता नहीं ये बात कहां से आ गई।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मैंने सुना है कि उप मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा हो रही है। उप मुख्यमंत्री की बात सुनाते हुए उन्होंने कहा कि ये सब फालतू बातें हैं। उन्होंने देसी अंदाज में कहा कि काहे के लिए ये सब चीज दिमाग में आता है लोगों के। जाहिर है नीतीश कुमार के इस बयान से बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ-साथ उपेन्द्र कुशवाहा को लेकर भी तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई है। नीतीश कुमार के इस बयान को उपेन्द्र कुशवाहा के लिए झटका भी माना जा रहा है।

Loading