होली से पहले मद्य निषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, लाखों की अंग्रेजी शराब बरामद
पुरानी जक्कनपुर में खंडहरनुमा मकान पर छापेमारी, दो शराब तस्कर गिरफ्तार

जनपथ न्यूज़
Edited by: राकेश कुमार
पटना: होली पर्व को लेकर मद्य निषेध विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने पुरानी जक्कनपुर स्थित देवी स्थान के पास एक खंडहरनुमा मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर होली के अवसर पर बिक्री के लिए अंग्रेजी शराब का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एएसआई मनीष कुमार तथा सिपाही विवेक, मनीष, अमरेश और पुरुषोत्तम की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की बोतलें और कार्टन बरामद किए गए। गिरफ्तार दोनों तस्कर पुरानी जक्कनपुर क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं। विभाग द्वारा जब्त शराब की गणना और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

मामले पर मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि होली के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत विभाग तक पहुंचाएं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
![]()



