पटना के मनेर में खूनी खेल: अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख पति और पैक्स अध्यक्ष पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, पैक्स अध्यक्ष की मौत, दूसरा घायल
बाइक सवार चार बदमाशों ने चलाई करीब एक दर्जन गोलियां! राजनीतिक रंजिश की आशंका जता रही है पुलिस, एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य।

राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर इलाके में अपराधियों ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। रविवार की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख के पति और पैक्स अध्यक्ष को गोली मार दी। इस खूनी संघर्ष में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल पिंटू कुमार का इलाज दानापुर के सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात पिंटू कुमार और संजीत कुमार उर्फ भानु अपने दलान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस और एफएसएल की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने कई गोली के खोखे बरामद किए हैं। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। इसके अलावा, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट और उनकी पहचान की जा सके।

राजनीतिक रंजिश की आशंका:
दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया इस घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को अपराधियों की पहचान को लेकर कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
मनेर से सुरज सिंह की रिपोर्ट
![]()



